सुनील पाठक , गोरखपुर
कसया (कुशीनगर) : 20 / जून / 2026 : पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कसया कुंदन सिंह के स्थानांतरण पर प्रधान संघ एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी ने कहा कि कुंदन सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि कुंदन सिंह हमेशा आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते थे। उनके मिलनसार व्यवहार और कार्यशैली ने उन्हें जनता के बीच विशेष पहचान दिलाई।

अकबर अंसारी ने कहा कि ऐसे कर्मठ, ईमानदार और संवेदनशील अधिकारी की विदाई क्षेत्र के लिए भावुक क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई तैनाती स्थल पर भी कुंदन सिंह अपनी कार्यकुशलता और प्रशासनिक क्षमता का उत्कृष्ट परिचय देंगे।
ग्राम प्रधान डॉ. संजय यादव ने कहा कि कुंदन सिंह ने जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस-जन संवाद को मजबूत किया। उनके स्थानांतरण से क्षेत्र को एक अनुभवी और संवेदनशील अधिकारी की कमी महसूस होगी।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने सीओ कुंदन सिंह को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कुंदन सिंह ने क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और प्रधान संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कसया में मिला सहयोग और सम्मान उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान संजीव सिंह, सुनील राय, मोहन गुप्ता सहित अनेक ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि कुंदन सिंह का कार्यकाल जनसेवा, पारदर्शिता और बेहतर पुलिसिंग के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।
![]()
