Home » उत्तर प्रदेश » रेल मंत्री से मिले पूर्व सांसद लल्लू सिंह, अयोध्या के रेल विकास के लिए रखीं 10 प्रमुख मांगें

रेल मंत्री से मिले पूर्व सांसद लल्लू सिंह, अयोध्या के रेल विकास के लिए रखीं 10 प्रमुख मांगें

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

अयोध्या : 11 / जुलाई / 2026 :  पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों के रेलवे विकास से जुड़े 10 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे। उन्होंने रामनगरी में लगातार बढ़ रहे धार्मिक पर्यटन और यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे अवसंरचना के विस्तार तथा नई परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया।

लल्लू सिंह ने अयोध्या कैंट–प्रयागराज और अयोध्या धाम–मनकापुर रेलखंड के दोहरीकरण की मांग उठाते हुए कहा कि दोनों मार्ग अभी सिंगल लाइन होने के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित होता है। साथ ही बाराबंकी–अयोध्या–वाराणसी रेलखंड के तिहरीकरण और लखनऊ–अयोध्या–वाराणसी रेलमार्ग पर ट्रेनों की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा किए जाने का भी प्रस्ताव रखा।

उन्होंने अयोध्या कैंट–वाराणसी रेलखंड के सरायरासी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण की मांग की। इसके अलावा अयोध्या–वाराणसी रेलखंड की क्रॉसिंग संख्या 100 तथा अयोध्या कैंट–लखनऊ रेलखंड की क्रॉसिंग संख्या 122, 130, 138 और 162 पर आरओबी बनाने का अनुरोध किया, ताकि जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

पूर्व सांसद ने अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की डीपीआर को जल्द मंजूरी देकर कार्य शुरू कराने तथा अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के दूसरे चरण के निर्माण में आ रही भूमि संबंधी बाधाओं को दूर कर परियोजना आगे बढ़ाने की मांग भी की।

रेल मंत्री को सौंपे गए प्रस्तावों में अयोध्या कैंट से जयनगर, नई दिल्ली, माता वैष्णो देवी (कटरा), उज्जैन/इंदौर, द्वारका, जगन्नाथपुरी, हरिद्वार और गुवाहाटी के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेनों के संचालन तथा अयोध्या धाम से चित्रकूट तक नई रेल सेवा शुरू करने की मांग भी शामिल रही।

लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे नेटवर्क का विस्तार समय की आवश्यकता है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment