लापता युवक की हत्या से मचा हड़कंप, परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

खुर्जा: 13 / जुलाई / 2026 :  खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव भटवारा (मुर्तजाबाद) निवासी 18 वर्षीय युवक जान मोहम्मद का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक बीते एक दिन से लापता था। पुलिस ने उसका शव गंवा गांव के जंगल में नहर किनारे स्थित एक गड्ढे से बरामद किया। शव पर चोट के निशान मिले हैं और हाथ-पांव बंधे होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, जान मोहम्मद वेल्डिंग का कार्य करता था और समय-समय पर अपने पिता का ऑटो भी चलाता था। शनिवार सुबह वह ऑटो लेकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। मोबाइल बंद होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और उसी रात खुर्जा देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

रविवार को पुलिस को बजेड़ा बाबा बाग के पास युवक का ऑटो लावारिस हालत में मिला। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें गंवा गांव के जंगल में नहर किनारे गड्ढे से युवक का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई।

करीब तीन घंटे तक पुलिस अधिकारियों और परिजनों के बीच वार्ता चली। अधिकारियों द्वारा मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। इसके बाद गमगीन माहौल में युवक को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

मृतक अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी उसी पर थी। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment