Home » बुलंदशहर » कारगिल वीर शहीद दाताराम की 27वीं शहादत पर उमड़ा जनसैलाब, राष्ट्रभक्ति से गूंजा खुर्जा

कारगिल वीर शहीद दाताराम की 27वीं शहादत पर उमड़ा जनसैलाब, राष्ट्रभक्ति से गूंजा खुर्जा

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा : 17 / जुलाई / 2026 :  कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीद दाताराम जी की 27वीं शहादत दिवस पर शहीद दाताराम सेवादल, नई दिल्ली द्वारा वीर बलिदान भूमि, शहीद दाताराम नगर, धराऊं (खुर्जा) में आयोजित राष्ट्रीय श्रद्धांजलि समारोह राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और साहित्यिक चेतना का भव्य संगम बन गया।

देश के विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, पूर्व सैनिकों, किसान नेताओं, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं मुकेश मासूम फाउंडेशन के चेयरमैन मुकेश कुमार मासूम का आयोजकों द्वारा पारंपरिक पगड़ी, शॉल एवं पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रख्यात बॉलीवुड राइटर एवं गीतकार मुकेश कुमार मासूम ने अपने चर्चित भावपूर्ण गीत “मेनू हँसके विदा कर दे” की प्रस्तुति दी। गीत की मार्मिक भावनाओं और मधुर प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। पूरा पंडाल देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा और उपस्थित लोगों ने खड़े होकर उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में मुकेश कुमार मासूम ने कहा कि “शहीदों का सम्मान केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का आजीवन कर्तव्य है। राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। नई पीढ़ी को उनके त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर भारत को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए।”

कार्यक्रम के विशेष अतिथि विजय चौधरी ने भी राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा पर अपने विचार रखे।

समारोह की अध्यक्षता स्वामी  कृष्ण कुमार जी ने की, जबकि कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन  चंद नादान जी ने किया। कार्यक्रम के सफल संयोजन में कैलाश भागमल प्रधान एवं डॉ. चंद्रमणि ब्रह्मदत्त की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें 150 महिलाओं एवं वरिष्ठ समाजसेवियों को साड़ी, शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह ने उपस्थित जनसमूह को सेवा और सम्मान की प्रेरणा दी।

राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित अनेक राज्यों से आए कवियों ने राष्ट्रभक्ति, वीरता और सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत काव्य पाठ कर वातावरण को ओजस्वी बना दिया।

कवि सम्मेलन में सुनील कुमार हापुरिया, प्रेमचंद, प्रेम शर्मा, गुंजन भाटी, अभिषेक मिश्रा, श्रीराम गौतम एवं दर्शन गौतम सहित अनेक प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं।

समारोह में पूर्व सैनिक सूबेदार स्वरूप सिंह, राजवीर सिंह, जगपाल सिंह, कैप्टन मान सिंह, सूबेदार धर्मवीर सिंह, सूबेदार अमरपाल सिंह, हवलदार विनोद चौहान, सतीश जादौन तथा कैप्टन दिनेश कुमार राघव सहित अनेक वीर सैनिकों का भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर किसान नेता भारतीय किसान यूनियन ( अराजनीतिक ) के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी मांगेराम त्यागी तथा भारतीय किसान यूनियन ( अराजनीतिक ) के जिला अध्यक्ष ठाकुर शैलेंद्र आर्य सहित अनेक सामाजिक, साहित्यिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शहीद दाताराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद दाताराम अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। राष्ट्रभक्ति, साहित्य, समाजसेवा और शहीद सम्मान का यह भव्य आयोजन उपस्थित जनसमूह के लिए लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

शहीद दाताराम सेवा दल के संस्थापक डॉ. चंद्रमणि ब्रह्मदत्त और अध्यक्ष कैलाश भागमल गौतम के अथक प्रयासों से यह अद्धभुत कार्यक्रम सफल रहा। विगत 27 सालों से डॉ. चन्द्रमणि ब्रह्मदत्त और कैलाश भागमल गौतम इस शानदार कार्यक्रम का आयोजन करते चले आ रहे हैँ।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment