सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 17 / अगस्त / 2026 : पीपीगंज क्षेत्र स्थित बसंत बहार वाटिका में प्रदेश सरकार की ओर से उचित दर विक्रेताओं के कमीशन में बढ़ोतरी को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैंपियरगंज विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री फतेह बहादुर सिंह, कैंपियरगंज टाउन एरिया अध्यक्ष प्रतिनिधि गोपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। मौजूद कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और कमीशन बढ़ाए जाने पर प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया।
जानकारी के अनुसार कैंपियरगंज क्षेत्र में करीब 190 उचित दर विक्रेता हैं। कार्यक्रम के आयोजक एवं कोटेदार संघ के उपाध्यक्ष राघवेंद्र मणि त्रिपाठी ने बताया कि ई-पास व्यवस्था के बाद उचित दर विक्रेताओं को मिलने वाले कमीशन में बढ़ोतरी की गई है। पहले कोटेदारों को 90 रुपये प्रति कुंतल कमीशन मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब 120 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है।
कमीशन में बढ़ोतरी से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सप्लाई इंस्पेक्टर सुजीत कुमार समेत विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कैंपियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह और राघवेंद्र मणि त्रिपाठी ने सरकार की इस पहल को कोटेदारों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










