बुलंदशहर : 22 / अगस्त / 2026 : बुलंदशहर नगर क्षेत्र में चीनी के दामों में लगातार बढ़ोतरी की शिकायतों को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम सदर अंगद यादव ने थोक चीनी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर अचानक छापेमारी कर स्टॉक की जांच की।

छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने विभिन्न थोक विक्रेताओं के यहां मौजूद चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया। इसके साथ ही उपलब्ध स्टॉक का संबंधित अभिलेखों से मिलान भी किया गया। अचानक हुई कार्रवाई से चीनी कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।

एसडीएम सदर अंगद यादव ने बताया कि चीनी के स्टॉक और बिक्री से संबंधित जांच की प्रक्रिया अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में अधिकांश प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध स्टॉक और अभिलेखों का मिलान सही पाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को चीनी की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। छापेमारी के दौरान मार्केटिंग इंस्पेक्टर, सप्लाई इंस्पेक्टर और मंडी इंस्पेक्टर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










