चोला : 27 / अगस्त / 2026 : रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए क्षेत्र में नकली मावा, पनीर, दूध, घेवर और मिठाइयों की बिक्री को लेकर भारतीय किसान यूनियन अनंत ने चिंता जताई है। संगठन के जिला अध्यक्ष कर्मवीर सिंह भाटी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर चोला और ककोड़ क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
कर्मवीर सिंह भाटी ने आरोप लगाया कि पर्व के मद्देनजर कुछ स्थानों पर मिलावटी सामग्री से मावा, घेवर और अन्य मिठाइयां तैयार कर बाजार में बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों द्वारा भी बिना गुणवत्ता जांच के मिठाइयां तैयार कर बिक्री किए जाने से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बुलंदशहर के जिलाधिकारी से चोला व ककोड़ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भेजकर मिठाई की दुकानों और निर्माण स्थलों पर छापेमारी कराने तथा नमूने लेकर जांच कराने की मांग की। साथ ही, जांच में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
भाकियू नेता ने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग मिठाइयों की खरीदारी करते हैं, ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की अपील की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










