ककोड़ : 8 / सितम्बर / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में नाली में गौवंश का शव पड़े होने की सूचना के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। ग्रामीण की सूचना पर भारतीय किसान यूनियन (भानू) के तहसील अध्यक्ष ठाकुर जगवीर भाटी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने शव के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि काफी प्रयास के बावजूद समाधान नहीं हो सका। बाद में यूपी-112 और ककोड़ थाना पुलिस की मदद से शव को जेसीबी के माध्यम से सम्मानपूर्वक दफन कराया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण राकेश भाटी ने फोन कर बताया कि गांव की नाली में एक गौवंश का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही भाकियू (भानू) के तहसील अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और शव के निस्तारण के लिए अधिकारियों को सूचना दी।

बताया गया कि सबसे पहले उन्होंने एसडीएम सिकंदराबाद को फोन किया। एसडीएम ने फोन रिसीव कर मामले को विकास खंड अधिकारी से संबंधित बताते हुए उनसे संपर्क करने की बात कही। इसके बाद भाकियू पदाधिकारियों की ओर से सिकंदराबाद के बीडीओ से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि फोन रिसीव नहीं किया गया।
अधिकारियों से संपर्क नहीं होने पर ठाकुर जगवीर भाटी ने यूपी-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए ककोड़ थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव के निस्तारण के लिए जेसीबी मशीन की व्यवस्था कराई।

पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों और भाकियू कार्यकर्ताओं के सहयोग से गौवंश के शव को सम्मानपूर्वक दफन कराया गया। भाकियू (भानू) ने इस कार्रवाई के लिए यूपी-112 और ककोड़ थाना पुलिस का आभार जताया।
भाकियू (भानू) के तहसील अध्यक्ष ठाकुर जगवीर भाटी ने ब्लॉक प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि गौवंश के शव के निस्तारण जैसे संवेदनशील मामले में संबंधित अधिकारी की ओर से तत्परता नहीं दिखाई गई। उन्होंने कहा कि आगामी किसान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष पूरे मामले को रखा जाएगा और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस दौरान उदयपाल सिंह भाटी, राकेश भाटी, आदेश भाटी, विवेक भाटी, नीतीश भाटी और सचिन भाटी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










