खुर्जा, बुलंदशहर : 8 / सितम्बर / 2026 : श्री लक्ष्मणदास जटिया राजकीय महिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो में अस्पताल के अंदर साफ-सफाई से लेकर मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तक की बदहाल तस्वीर दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
वीडियो में अस्पताल परिसर में मरीजों के लिए रखे गए कई बेडों की फोम खराब और फटी हुई दिखाई दे रही है। वहीं, जगह-जगह रखे कूड़ेदान कचरे से भरे नजर आ रहे हैं। अस्पताल के हॉल और प्रवेश द्वार की दीवारों पर पान और गुटखे की पीक के निशान भी साफ दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। ऐसे में साफ-सफाई और मरीजों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार नहीं हो पा रहा है।
जटिया अस्पताल को लेकर पहले भी ऐसी तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पूर्व ऑपरेशन थिएटर के अंदर आवारा कुत्ते के मौजूद होने का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले के बाद भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को लेकर सवाल उठे थे।
वायरल वीडियो के संबंध में अस्पताल के सीएमएस गौरव सक्सेना ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में तैनात अधिकारी और कर्मचारी गुटखा या पान-मसाले का सेवन नहीं करते। उनके अनुसार, दीवारों पर दिखाई दे रही गंदगी मरीजों के तीमारदारों और बाहरी लोगों के कारण होती है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन स्थानीय स्तर पर सफाई कराई जाती है। इसके अलावा समय-समय पर बड़े स्तर पर सफाई अभियान भी चलाए जाते हैं। अगले माह भी व्यापक सफाई अभियान प्रस्तावित है।
सीएमएस ने अस्पताल की छत से पानी टपकने की समस्या को लेकर बताया कि बारिश के दौरान यह परेशानी सामने आई थी और इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद छत की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।
फिलहाल वायरल वीडियो के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि जिम्मेदार अधिकारी वायरल वीडियो में सामने आई कमियों को दूर कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










