हाथरस : 10 / सितम्बर / 2026 : विकासखंड सादाबाद के ग्राम कजरौठी स्थित गौ आश्रय स्थल का 10 सितंबर 2026 को मुख्य विकास अधिकारी, हाथरस ने निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय यादव, खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार, ग्राम पंचायत सचिव शैलेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान गौ आश्रय स्थल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। वहीं शेड में रखी हौदी में पानी भरा हुआ मिला। अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के समय गौशाला में कुल 446 गोवंश मौजूद थे, जिनमें 78 नर और 368 मादा गोवंश शामिल हैं।

गौशाला में गोवंश की देखभाल के लिए 8 केयरटेकर कार्यरत बताए गए। इनमें 8 कर्मचारी दिन की ड्यूटी तथा 4 कर्मचारी रात्रि में देखभाल करते हैं। परिसर में 3 शेड, 4 चरही और पानी के लिए 3 हौदी उपलब्ध हैं।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने गोवंश को उनकी आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग रखने के लिए अतिरिक्त शेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं आइसोलेशन वार्ड का निर्माण कार्य भी मौके पर निर्माणाधीन पाया गया, जिसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
गौशाला में करीब 300 कुंतल क्षमता का भूसा गोदाम उपलब्ध है, जिसमें लगभग 90 कुंतल भूसा मौजूद बताया गया। सीडीओ ने ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव को गोवंश के लिए समय से हरा चारा एवं भूसा उपलब्ध कराने तथा चारा-पानी की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने गौ आश्रय स्थल की साफ-सफाई, पेयजल और गोवंश की देखभाल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही वृहद नवीन शेड का निर्माण तत्काल शुरू कराने और निर्माणाधीन आइसोलेशन वार्ड को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि गौ आश्रय स्थल में गोवंश के संरक्षण एवं बेहतर देखभाल के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने के भी निर्देश दिए गए।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










