बुलंदशहर : 12 / सितम्बर / 2026 : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को शिकारपुर पहुंचे और दिवंगत भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अनिल शर्मा के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत नेता के पुत्र कुश शर्मा समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि “हमारे साथी और हमारे विधायक अनिल शर्मा आज हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन पार्टी और समाज के लिए बड़ी क्षति है।” उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और पूरी सरकार इस दुख की घड़ी में अनिल शर्मा के परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सपा पर जमकर बरसे डिप्टी सीएम
परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। प्रदेश की जनता सपा शासनकाल की गुंडई और अराजकता को आज भी नहीं भूली है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने प्रदेश में माफिया राज को बढ़ावा दिया, वही लोग प्रदेश को दंगों की आग में झोंकते रहे। सपा सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने और अराजकता बढ़ने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मकान, दुकान और जमीनों पर कब्जा करने वाले लोगों को संरक्षण मिलता था।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि जब-जब समाजवादी पार्टी सत्ता में आई, तब गुंडागर्दी और अराजकता का माहौल बढ़ा। उन्होंने बहू-बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी सपा सरकार पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के तानाशाही वाले बयान पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि तानाशाही का काम समाजवादी पार्टी के लोग करते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून का राज स्थापित है और प्रदेश में अपराध तथा अराजकता के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत अनिल शर्मा के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










