गाजियाबाद : 14 / सितम्बर / 2026 : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई में भूमि एवं संपत्ति पर कब्जे, राजस्व विवाद, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, जलापूर्ति समेत विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान रीना को अपने मकान पर कब्जा मिलने की जानकारी मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने जिलाधिकारी का आभार जताया और खुशी में सभी को काजू कतली खिलाई। वहीं सिक्योरिटी गार्ड जयपाल की चार माह से रुकी तनख्वाह भी जिलाधिकारी के निर्देश के बाद कुछ ही दिनों में मिल गई। जयपाल ने भी जिलाधिकारी का धन्यवाद किया।

मोदीनगर निवासी वृद्ध धर्मवीर ने जनसुनवाई में अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। उनकी स्थिति को समझते हुए जिलाधिकारी ने उनकी पुत्री के विवाह के लिए सरकारी योजना का लाभ दिलाने तथा पढ़ाई कर रहे बेटे को रोजगार दिलाने में सहयोग का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने पर वृद्ध की आंखों में खुशी के आंसू आ गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का समाधान गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व मामलों में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित लोगों से प्रतिक्रिया लेकर अधिकारियों से उसका विवरण लेने की बात कही।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ज्योति मौर्या, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










