बड़ौत (बागपत) : 14 / सितम्बर / 2026 : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने में आ रही परेशानियों को लेकर कोरी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक बड़ौत, जिला बागपत में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन अमर पाल कोरी के आह्वान पर किया गया, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कोरी समाज के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर समस्या पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने में लगातार दिक्कतें सामने आ रही हैं। इससे समाज के विद्यार्थियों, युवाओं और अन्य लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन और प्रशासन के स्तर पर प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

बैठक में कोरी समाज संघ के अध्यक्ष लेखराज माहौर एडवोकेट ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्ष 1976 में कोरी समाज को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल किया गया था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोरी समाज की आबादी करीब 25 लाख बताई जाती है, लेकिन इसके बावजूद समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण कोरी समाज के छात्र-छात्राओं को स्कूल और कॉलेज में छात्रवृत्ति का लाभ लेने में कठिनाई हो रही है। वहीं नौकरी के लिए आवेदन करने वाले युवाओं के सामने भी जाति प्रमाण पत्र को लेकर समस्या खड़ी हो रही है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सामने आ रही इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल किया जाए, ताकि पात्र लोगों को बिना अनावश्यक परेशानी के प्रमाण पत्र मिल सके।
बैठक में सहारनपुर और मेरठ कमिश्नरी क्षेत्र के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। सभी प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि कोरी समाज का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने में आ रही समस्याओं को उनके समक्ष रखेगा और समस्या के स्थायी समाधान की मांग करेगा।
बैठक का संचालन अमर पाल कोरी ने किया। वक्ताओं ने बताया कि अमर पाल कोरी द्वारा कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में यह भी कहा गया कि बागपत जिले में जाति प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर समस्या अधिक गंभीर है, जिस पर प्रशासन को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बैठक में लेखराज माहौर एडवोकेट, सुरेश कोरी, राजवीर सिंह, रामनिवास आर्य, डॉक्टर नाहर सिंह, गौतम बुद्ध नगर के जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, प्रकाश चंद कोरी, रविन्दर आर्य, कपिल आर्य, अमर पाल कोरी, कपिल कोरी, दिनेश कोरी, दुष्यंत कोरी, रविन्दर कोरी एडवोकेट, आर्य कोरी, धर्मवीर कोरी प्रधान, मुकेश कोरी, कलुआ कोरी, गुलवीर कोरी, संत कुमार प्रधान, मनीष प्रधान, संजय कोरी, कृष्ण पाल कोरी, मास्टर कपिल कोरी और डॉ. नरेंद्र कोरी सहित कोरी समाज के अनेक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










