गाजियाबाद : 14 / सितम्बर / 2026 : सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर, गाजियाबाद में सोमवार को भव्य दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव-2026 का शुभारंभ श्रद्धा, उल्लास और वैदिक विधि-विधान के साथ हुआ। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, गणपति स्तुति और सहस्रनाम पाठ से भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता नारायण गिरि महाराज ने की।
प्रातः 10:30 बजे गणपति महाराज की प्रतिमा के समक्ष गणेश पूजन, अभिषेक और विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन कराया। भगवान गणपति को मोदक और लड्डुओं का भोग लगाया गया तथा दूर्वा अर्पित कर सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की कामना की गई।

अनुज धर्म गर्ग एवं परिवार रहे मुख्य यजमान
महोत्सव में मुख्य यजमान अनुज धर्म गर्ग, अध्यक्ष दूधेश्वर नाथ मंदिर विकास समिति, एवं उनका परिवार रहा। उन्होंने विधिवत संकल्प लेकर भगवान गणपति का पूजन किया और दूर्वा, पुष्प, मोदक एवं लड्डू अर्पित किए। पूजन में विजय मित्तल और बी.के. शर्मा ने भी सहभागिता की।
वहीं गाजियाबाद के विधायक संजीव शर्मा अपने जन्मदिन के अवसर पर सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान दूधेश्वर और गणपति महाराज के दर्शन-पूजन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की कामना की। इस अवसर पर नारायण गिरि महाराज ने संजीव शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मंगलमय, यशस्वी और दीर्घायु जीवन का आशीर्वाद दिया।
इसी अवसर पर हिमांशु शर्मा का भी जन्मदिन मनाया गया। नारायण गिरि महाराज ने उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं एवं मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्य लक्ष्मीकांत, आचार्य नित्यानंद, आचार्य रोहित त्रिपाठी और आचार्य अजय दाधीच तथा साध्वी विष्णुप्रिया गिरि के साथ महंत महेश दास ने विभिन्न वेदियों और देवताओं का विधिवत पूजन कराया।
वैदिक मंत्रोच्चार, गणपति स्तुति और सहस्रनाम पाठ से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस दौरान विजय मित्तल, अध्यक्ष श्रृंगार सेवा समिति, विजय सिंगल, सुनील शर्मा, बी.के. शर्मा हनुमान, पुनीत पाहवा, अमित शर्मा, सचिन, पिंटू और संजीव वर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
भगवान गणेश की आराधना से दूर होते हैं विघ्न : नारायण गिरि
नारायण गिरि महाराज ने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक, ज्ञान, समृद्धि और शुभता के अधिष्ठाता हैं। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गणपति पूजन से की जाती है। श्रद्धा और भक्ति के साथ गणपति महाराज की आराधना करने से जीवन के विघ्न दूर होते हैं और भक्तों के मनोरथ पूर्ण होते हैं।
प्रतिदिन 2100 लड्डुओं का लगेगा भोग
हर वर्ष की तरह इस बार भी दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव के दौरान भगवान गणपति को प्रतिदिन 2100 लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। महोत्सव के दौरान कुल 11 हजार लड्डू भगवान गणपति को अर्पित करने का संकल्प लिया गया है।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक तथा शाम 4 से 6 बजे तक विशेष पूजा-अर्चना होगी। सायंकालीन पूजन के बाद भगवान गणपति की भव्य आरती और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
17 सितंबर को निकलेगी भव्य गणपति शोभायात्रा
मीडिया प्रभारी पिंटू सुथार ने बताया कि दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव का समापन 17 सितंबर को विशाल गणपति शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा सुबह 9:30 बजे सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर से प्रारंभ होगी। इसके बाद गाजियाबाद के प्रमुख बाजारों और विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा मुरादनगर स्थित दूधेश्वर घाट पहुंचेगी।
दूधेश्वर घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान गणपति की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।
मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त करने और धर्म-अध्यात्म के इस पावन आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










