शिकारपुर : 15 / सितम्बर / 2026 : शिकारपुर तहसील क्षेत्र के गांव मानपुर में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की गलियों में गंदगी के ढेर और नालियों में जमा कीचड़ के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। समस्या से नाराज महिलाओं ने सड़क पर उतरकर ग्राम प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से सफाईकर्मी नहीं पहुंचा है। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी गलियों में जमा हो रहा है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि गंदगी और जलभराव के चलते गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
चुनाव जीतने के बाद प्रधान पर गांव की सुध न लेने का आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि चुनाव जीतने और वोट लेने के बाद ग्राम प्रधान ने गांव की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान के स्तर से सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने ग्राम सचिव देवेंद्र कुमार पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सचिव गांव में नियमित रूप से नहीं आते, जिसके चलते समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव से संबंधित कार्यों की निगरानी और सफाई व्यवस्था को लेकर भी जिम्मेदार अधिकारी गंभीर नहीं हैं।
अधिकारियों के रवैये से ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का रवैया संतोषजनक नहीं रहा। खंड विकास अधिकारी से मामले के संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने समस्या को दिखवाने का आश्वासन दिया। वहीं, ग्राम सचिव देवेंद्र कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। ग्राम प्रधान की ओर से भी समस्या को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की बात ग्रामीणों ने कही।
जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव की सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सनो, शयदा, नसरीन, नेहा, हुसनरा, नसीम, सनम, शहबोता, पूनम, नजीम, तमना, समीना, फतमा, अमना, आसिया, हमीद, अनवार, परवेज, निजाम, इलियास, राहत सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









