बुलंदशहर : 20 / सितम्बर / 2026 : कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र में हाईवे-34 पर कैलाश अस्पताल कट के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर बाइक से जा रहे मां-बेटे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, हापुड़ जनपद के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव परपा निवासी 45 वर्षीय शारदा देवी अपने बेटे के साथ अलीगढ़ के गांव जेहराना स्थित अपनी बीमार मां से मिलने गई थीं। मां से मुलाकात के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खुर्जा नगर क्षेत्र में हाईवे-34 स्थित कैलाश अस्पताल कट के पास उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शारदा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके बेटे का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई। पुलिस मामले की जांच करते हुए दुर्घटना के कारणों और कार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










