बुलंदशहर/डिबाई : 26 / सितम्बर / 2026 : श्राद्ध पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच बारिश और कड़ाके की ठंड के बावजूद डिबाई प्रशासन मुस्तैद नजर आया।
भीमपुर दोराहे पर वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात का दबाव बढ़ गया और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही डिबाई एसडीएम रविकान्त चौबे स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था संभाली।

अलीगढ़ और बुलंदशहर की ओर से आने वाले श्रद्धालु भीमपुर दोराहे से होकर डिबाई, अनूपशहर, नरौरा, रामघाट और कर्णवास की ओर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण यातायात प्रभावित होने लगा। स्थिति को देखते हुए एसडीएम रविकान्त चौबे ने मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ जाम खुलवाया और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाते हुए यातायात सुचारू कराया।
भारी बारिश के बीच एसडीएम को स्वयं सड़क पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभालते देख पुलिसकर्मियों का भी उत्साह बढ़ा। दौलतपुर खुर्द चौकी प्रभारी राहुल राजपूत, ट्रैफिक पुलिस के ललित कुमार, अंकित वशिष्ठ सहित अन्य पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
पुलिसकर्मियों ने बारिश की परवाह किए बिना सड़क पर मोर्चा संभाले रखा और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए।
स्थानीय लोगों ने एसडीएम रविकान्त चौबे की सक्रियता और पुलिस-प्रशासन की तत्परता की सराहना की। लोगों का कहना था कि भारी बारिश और ठंड के बावजूद अधिकारी एवं पुलिसकर्मी स्वयं सड़क पर डटे रहे, जिससे यातायात व्यवस्था को जल्द नियंत्रित करने में मदद मिली। प्रशासन की सक्रियता से श्रद्धालुओं को राहत मिली और गंगा स्नान के लिए आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रही।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









