Home » गाजियाबाद » मिशन शक्ति केंद्रों और पिंक बूथों की जांच, महिला सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश

मिशन शक्ति केंद्रों और पिंक बूथों की जांच, महिला सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद : 30 / सितम्बर / 2026 :   महिला सुरक्षा, सहायता एवं जागरूकता व्यवस्था को अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से दिनांक 29 सितंबर 2026 को पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध द्वारा संयुक्त रूप से मिशन शक्ति केंद्रों एवं पिंक बूथों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में मिशन शक्ति केंद्र थाना सिहानी गेट एवं थाना विजयनगर तथा पिंक बूथ पुराना बस अड्डा एवं पिंक बूथ दूधेश्वरनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्रों एवं पिंक बूथों पर नियुक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, कार्यदायित्व एवं दायित्व निर्वहन की स्थिति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन किया गया।

महिला शिकायतकर्ताओं एवं पीड़िताओं से प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई, प्रकरणों की प्रगति तथा शिकायतकर्ताओं से नियमित फीडबैक लिए जाने की व्यवस्था का परीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा यह भी समीक्षा की गई कि मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित अभियान नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं अथवा नहीं।

पिंक बूथों के निर्धारित समय तक, विशेष रूप से सायं 08:00 बजे तक खुले रहने तथा वहां महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आगंतुक महिलाओं एवं शिकायतकर्ताओं के साथ पुलिसकर्मियों के व्यवहार, उनकी समस्याओं की सुनवाई, शिकायतों के संज्ञान एवं आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाना अथवा सक्षम अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित किए जाने की व्यवस्था को भी परखा गया।

मिशन शक्ति केंद्रों पर उपलब्ध महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबर, आवश्यक सूचनाएं एवं जागरूकता सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि जरूरतमंद महिलाओं को आवश्यक जानकारी एवं पुलिस सहायता सहज रूप से उपलब्ध हो।

महिला संबंधी शिकायतों में समयबद्ध कार्रवाई, नियमित फॉलो-अप एवं शिकायतकर्ता से समुचित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता को आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध होती रहे।

अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर महिलाओं एवं बालिकाओं से निरंतर संवाद स्थापित करने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, कार्यस्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित जागरूकता गतिविधियां नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि मिशन शक्ति केंद्र एवं पिंक बूथ मात्र शिकायत प्राप्त करने के स्थान तक सीमित न रहें, बल्कि महिलाओं के लिए सहज, सुलभ, संवेदनशील एवं भरोसेमंद सहायता केंद्र के रूप में प्रभावी ढंग से कार्य करें।

प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ शिकायतकर्ता से नियमित फीडबैक प्राप्त कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उसे आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध हुई है तथा प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत को निर्धारित विधिक प्रक्रिया एवं समयबद्धता के अनुरूप संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा महिला सुरक्षा, सहायता एवं जागरूकता व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित केंद्रों एवं पिंक बूथों की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण किया जा रहा है।

उद्देश्य यह है कि महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यकता के समय सहज, त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध हो तथा महिला सुरक्षा से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को स्थानीय स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment