गाजियाबाद : 1 / अक्टूबर / 2026 : कमिश्नरेट गाजियाबाद की यातायात पुलिस ने ऑटो रिक्शा चालकों और सवारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 28 सितंबर 2026 से सात दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत ऑटो रिक्शा में चालक की सीट के आगे लगाई जाने वाली अतिरिक्त सीटों को हटवाने की कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा ऑटो रिक्शा चालकों को अलग-अलग माध्यमों से जागरूक करते हुए समझाया जा रहा है कि फ्रंट सीट पर अतिरिक्त सीट लगाकर सवारियों का परिवहन न करें। यातायात पुलिस के अनुसार ऑटो रिक्शा की निर्धारित संरचना में अतिरिक्त सीट लगाकर सवारी बैठाने से चालक के साथ-साथ ऑटो में यात्रा करने वाली सवारियों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

अभियान के पहले चरण में यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य ऑटो चालकों को नियमों और सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना है। इसके बाद अभियान के दूसरे चरण में प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जागरूक किए जाने के बावजूद यदि किसी ऑटो रिक्शा चालक द्वारा फ्रंट सीट पर अतिरिक्त सीट लगाकर सवारियों का परिवहन किया जाता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई के साथ ऑटो रिक्शा को सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के शुरुआती चार दिनों में करीब 2000 ऑटो रिक्शा में लगी अतिरिक्त सीटें हटवाई जा चुकी हैं। यातायात पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न करना नहीं, बल्कि ऑटो रिक्शा चालकों और सवारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने ऑटो रिक्शा चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सवारियों का परिवहन करें और फ्रंट सीट पर अतिरिक्त सीट लगाकर सवारी न बैठाएं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









