खुर्जा : 1 / अक्टूबर / 2026 : श्री जय शिव निष्काम सेवा मंडल (रजि.), खुर्जा के तत्वावधान में 31वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा के प्रथम दिन कथा का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ।
कथा व्यास आचार्य अतुल कृष्ण जी महाराज ने प्रभु नाम की अमृत वर्षा करते हुए कहा कि प्रभु की कथा बड़े भाग्यशाली लोगों को सुनने को मिलती है। जब ईश्वर की बहुत बड़ी कृपा होती है, तभी व्यक्ति भागवत कथा श्रवण कर पाता है। भागवत कथा मुक्ति प्रदान करने वाली है।

उन्होंने बताया कि भागवत कथा सर्वप्रथम चार स्थानों पर कही गई, सबसे पहले नैमिषारण्य में और अंतिम कथा शुकताल में राजा परीक्षित को सुनाई गई। भागवत कथा रूपी अमृत को जो भी पी लेता है, वह अमर हो जाता है। भागवत कथा वेद रूपी वृक्ष का फल है, यह फल खाया नहीं, पिया जाता है। इसे मुख से नहीं, कानों से पिया जाता है। यह तीनों तापों – दैहिक, दैविक, भौतिक तापों का शमन करने वाली है।
आज की कथा के मुख्य यजमान इंजीनियर गिरीश चन्द्र गुप्ता ने अपनी पत्नी रमा गुप्ता के साथ एवं मुख्य अतिथि मुकेश कुमार मासूम ने अपनी पत्नी सीमा मासूम एवं पुत्र संगीत मासूम के साथ भागवत पूजन व दीप प्रज्ज्वलित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

राज नारायण की कोठी, नॉवेल्टी रोड स्थित राज उपवन कथा मंडप में सैकड़ों की संख्या में पधारे माता-बहिनों व श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर प्रभु नाम की मस्ती में झूम उठे।
मंडल के सचिव पूरन चंद शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आप सभी पर प्रभु की अपार कृपा है जो भागवत कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि यह संगीतमयी भागवत कथा 30 सितंबर से प्रारंभ होकर 06 अक्टूबर तक चलेगी तथा 07 अक्टूबर को सभी माता-बहिनों को कलश वितरित किए जाएंगे एवं हवन-यज्ञ होगा। कथा में कलश उठाने वाली महिलाओं में से 21 सौभाग्यशाली भक्तों को टोकन निकालकर पुरस्कार वितरित किए गए।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विनोद खुराना, राजेश गोविल, राजकुमार गुप्ता, चारू गुलाठी, कौशल गुप्ता, राजकुमार गुप्ता लालाजी, गणेश गुप्ता, योगेन्द्र गुप्ता, नीलू, गगन अरोड़ा आदि ने सेवा व सहयोग कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









