अयोध्या : 5 / अक्टूबर / 2026 : अयोध्या में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया।

यह प्रदर्शन गांधी पार्क से शुरू होकर कचहरी परिसर की ओर रवाना हुआ, जिसमें सपा कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने किया।
इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में धांधली का दावा करते हुए जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रह गई है।
प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर सीधे और गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जिस तरह राम मंदिर में चंदा चोरी हो रही है, उसी तरह अब वोटों की चोरी करवाई जा रही है।” अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर वोटों की चोरी करवा रहे हैं।
उन्होंने सख्त लहजे में मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत उनके पद से हटाया जाए या फिर वे नैतिकता के आधार पर खुद अपने पद से इस्तीफा दें।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










