गाजियाबाद : 5 / अक्टूबर / 2026 : आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को समय करीब 09:26 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद, कमिश्नरेट गाजियाबाद के कंट्रोल रूम को आरटी सेट के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रामलीला मैदान, शनि चौक स्थित पटाखों की दुकान में आग लग गई है।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी साहिबाबाद तथा फायर स्टेशन साहिबाबाद से तीन फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।

घटनास्थल पर पहुंचने पर फायर सर्विस टीम को जानकारी हुई कि आग किसी आतिशबाजी की दुकान में नहीं, बल्कि रामलीला मैदान, शनि चौक के पीछे स्थित सामुदायिक केंद्र भवन के एक बड़े हॉल में लगी थी। फायर सर्विस यूनिट ने तत्काल अग्निशमन वाहनों से पम्पिंग कर आग पर काबू पाया और आग को पूरी तरह बुझा दिया।
आग बुझाने के बाद अग्निशमन टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि हॉल के अंदर रामलीला कार्यक्रम के लिए रावण का पुतला बनाने का कार्य किया जा रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुतला बनाने के दौरान आतिशबाजी अथवा अन्य किसी विस्फोटक सामग्री के प्रयोग के कारण विस्फोट हुआ, जिसके बाद हॉल में आग लग गई। विस्फोट के कारण भवन की दो दीवारें भी गिर गईं।
घटनास्थल पर जानकारी करने पर पता चला कि हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया जा चुका था।
इसके बाद फायर यूनिट द्वारा अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली गई। अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को बेहतर उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों में दो व्यक्तियों की पहचान ऋषभ और हरेंद्र के रूप में हुई है, जबकि अन्य तीन घायल व्यक्तियों के नामों की जानकारी अभी प्राप्त नहीं हो सकी है। अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई है। घटना के संबंध में अन्य आवश्यक तथ्यों की जांच की जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










