जहांगीराबाद : 14 / अक्टूबर / 2026 : जहांगीराबाद नगर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
बुधवार को अधिशासी अधिकारी ओम गिरी ने टीम के साथ नगर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कोयले से प्रदूषण फैलाने वाली एक इकाई का चालान किया गया। साथ ही अवैध पार्किंग करने वालों को चेतावनी दी गई।

अधिशासी अधिकारी ने सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रोहित सिंह, अवर अभियंता और लेखाकार के साथ नगर में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, नालियों और सड़कों की सफाई का निरीक्षण किया।
सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहन चालकों को निर्धारित समय पर कूड़ा उठाने तथा नियमित सफाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कोयले से संचालित विनिर्माण इकाइयों, चलित भट्टियों, कबाड़ियों की दुकानों और निर्माणाधीन स्थलों की भी जांच की गई।
प्रदूषण फैलाने वाली एक इकाई के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, कबाड़ियों को रसायनयुक्त सामग्री नालियों में नहीं डालने और आवश्यक लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए।
नगर में अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए वाहन चालकों को चेतावनी दी गई। पुलिस के सहयोग से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर सूचना बोर्ड भी लगवाए गए। अधिशासी अधिकारी ओम गिरी ने कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही और प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










