पुलिस महानिरीक्षक कारागार की कार्यवाही में जेल अधीक्षक और उप जेल अधीक्षक समेत अन्य तीन अधिकारी निलंबित
उत्तर प्रदेश : 6 / जनवरी / 2026 : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिला कारागार से दो कैदी फिल्मी अंदाज़ में फरार हो गए। कंबलों की रस्सी बनाकर 30 फीट ऊंची दीवार फांदने की इस वारदात ने जेल सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। कन्नौज के अनौगी स्थित जिला जेल में रविवार देर रात ये पूरा ड्रामा हुआ। ठंड से बचने के लिए दिए गए कंबलों को ही दो बंदियों ने आज़ादी की सीढ़ी बना लिया। कंबलों को आपस में बांधकर रस्सी तैयार की गई और करीब 30 फीट ऊंची दीवार फांदकर दोनों कैदी फरार हो गए। फरार कैदियों की पहचान तालग्राम थाना क्षेत्र के अंकित और ठठिया थाना क्षेत्र के डिम्पी उर्फ़ शिवा के तौर पर हुई है, जो क्रमशः चोरी और पॉक्सो केस में जेल में बंद थे। सोमवार सुबह गिनती के दौरान जब दोनों बैरक से गायब मिले, तब हड़कंप मच गया।
पूरी घटना के बाद जेल प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है। आरोप है कि नए साल के जश्न में जेल अफसर व्यस्त थे, उसी दौरान दोनों बंदियों ने मौका पाकर प्लान को अंजाम दे डाला। घटना सामने आने के बाद जेलर, डिप्टी जेलर समेत 5 जेल कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। फरार कैदियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो कन्नौज के साथ आसपास के जिलों में दबिश दे रही हैं। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और मुख्य चौराहों पर सख़्त चेकिंग जारी है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









