ब्यूरो चीफ दुष्यंत पचौरी हाथरस
हाथरस : 23 / मार्च / 2026 : जनपद हाथरस के सेठ फूलचंद बागला पीजी कॉलेज में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उ0प्र0 कौशल विकास मिशन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार, मेले में 26 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 1402 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 1181 युवाओं का चयन विभिन्न पदों पर किया गया।
सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि एक व्यक्ति को रोजगार मिलने से पूरे परिवार का भविष्य बदल जाता है। उन्होंने शिक्षा और मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। वहीं सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार ने युवाओं से अवसरों का पूरा लाभ उठाने और निजी क्षेत्र में भी करियर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने असफल अभ्यर्थियों को निराश न होकर आत्ममंथन करने की सलाह दी।
जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने रोजगार को युवाओं की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए ऐसे आयोजनों को आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान कर रहे हैं और जिले में औद्योगिक माहौल को मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी और मेहनत से कार्य करने की अपील की, ताकि भविष्य में और कंपनियां जिले में आएं।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि रोजगार से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, जो समाज के विकास के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम में कई अधिकारी, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












