हाथरस : 3 / अप्रैल / 2026 : हाथरस में प्रधानमंत्री आवास योजना की फाइल पास कराने के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। नगर पालिका परिषद में तैनात महिला कर्मचारी को एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि सुमन नाम की महिला ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना की फाइल आगे बढ़ाने और स्वीकृत कराने के बदले नगर पालिका में तैनात महिला कर्मचारी सोनिया सिंह द्वारा 5 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद अलीगढ़ से पहुंची एंटी करप्शन टीम ने नगर पालिका परिषद में गुप्त रूप से जाल बिछाया। जैसे ही महिला कर्मचारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार महिला सोनिया सिंह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बताई जा रही है, लेकिन उसके पास लाइसेंस लिपिक और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कार्यों का भी प्रभार था। एंटी करप्शन टीम उसे पकड़कर सदर कोतवाली ले गई, जहां उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
महिला कर्मचारी के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी कई महिलाएं पहुंच गईं। इनमें से कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनसे भी योजना के नाम पर धन की मांग की गई थी। इस दौरान कोतवाली परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया।
पूरा मामला हाथरस गेट थाना क्षेत्र स्थित नगर पालिका परिषद का बताया जा रहा है। पुलिस और एंटी करप्शन विभाग मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












