खुर्जा में लापता वृद्ध सुरक्षित मिला, प्रशासन की तत्परता से परिवार से हुआ मिलन

खुर्जा : 18 / अप्रैल / 2026 :  खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के जेवर अड्डा, खुर्जा चौराहे के पास एक वृद्ध व्यक्ति पिछले दो दिनों से सड़क किनारे बेसहारा अवस्था में पड़ा हुआ था और अपना नाम-पता बताने में असमर्थ था।

सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार निरंजन सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने वृद्ध को बेसुध हालत में पाया। तत्परता दिखाते हुए उन्होंने वृद्ध को प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी जाटिया अस्पताल में भर्ती कराया।

इलाज के बाद होश में आने पर वृद्ध ने अपना नाम श्री नेम सिंह पुत्र प्यारेलाल (उम्र लगभग 70 वर्ष) और पता ग्राम ममौदा कला, जिला हाथरस बताया। इसके बाद नायब तहसीलदार द्वारा हाथरस पुलिस से संपर्क किया गया, जहां पता चला कि वृद्ध का परिवार वहां से जा चुका है और उनका पुत्र आंध्र प्रदेश में निवास करता है।

परिजनों से संपर्क स्थापित करने पर जानकारी मिली कि श्री नेम सिंह पिछले 8 दिनों से लापता थे और अपनी पुत्री के साथ ककोड़ थाना क्षेत्र में रह रहे थे। इसके बाद उनकी पुत्री से संपर्क कर उन्हें वृद्ध के खुर्जा में होने की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही परिजन जाटिया अस्पताल पहुंचे और श्री नेम सिंह को अपने साथ सकुशल घर ले गए। प्रशासन और पुलिस की तत्परता से एक लापता वृद्ध को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया गया, जो मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment