Home » उत्तर प्रदेश » “सबको हुनर, सबको काम” के आधार पर संवाद कार्यक्रम आयोजित, कौशल विकास पर दिया गया जोर

“सबको हुनर, सबको काम” के आधार पर संवाद कार्यक्रम आयोजित, कौशल विकास पर दिया गया जोर

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक, गोरखपुर बस्ती 

 

गोरखपुर : 13 / मई / 2026 :  गोरखपुर के रमाडा होटल में मंगलवार को “सबको हुनर, सबको काम” थीम पर एक भव्य संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोरखपुर, बस्ती और अयोध्या मंडल के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रतिनिधियों तथा उद्यमियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरिओम तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार और उद्यमशीलता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विजन को साकार करने पर बल देते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बीटेक और पॉलिटेक्निक के बाद आईटीआई की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि कुशल श्रमिक तैयार कर उन्हें उद्यमिता की ओर प्रेरित किया जाना चाहिए।

प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि “सबको हुनर, सबको काम” अभियान के तहत विभाग लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमजीवी वर्ग को आज तक उचित सम्मान नहीं मिल पाया, जिसे बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने कौशल विकास के साथ उद्यमशीलता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि उद्योगों और आईटीआई संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत है, क्योंकि उद्योगों को यह जानकारी तक नहीं होती कि उनके अनुरूप कौन-कौन से ट्रेड संचालित हैं।

मिशन निदेशक पुलकित खरे ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की विभिन्न योजनाओं और प्लेसमेंट गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि मिशन ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन मोड में भी शॉर्ट टर्म कोर्स संचालित कर रहा है। इन कोर्सों को मोबाइल और वीडियो माध्यम से घर बैठे आसानी से किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार ने आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 200 से अधिक आईटीआई संस्थानों को टाटा समूह से जोड़ा गया है तथा जनपद स्तर पर आधुनिक तकनीकों एवं रोबोटिक्स प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया आईटीआई के राष्ट्रीय महासचिव पुरुषोत्तम यादव ने संवाद के दौरान आईटीआई संस्थानों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अपर निदेशक मानपाल सिंह, राजेंद्र प्रसाद, एसएन राम, संयुक्त निदेशक ए.के. राणा, आर.के. मिश्रा, नोडल प्राचार्य संतुष्ट श्रीवास्तव सहित विभिन्न अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment