बुलंदशहर : 9 / जून / 2026 : बुलंदशहर में पेपर लीक, खाद की किल्लत, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार समेत 9 सूत्रीय मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
सपा कार्यालय से कुछ ही दूरी पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया, जिसके चलते पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। करीब आधे घंटे तक सड़क पर दोनों पक्षों के बीच खींचतान और नोकझोंक का माहौल बना रहा।
सपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें प्रशासन तक पहुंचाने से रोका जा रहा है। वहीं पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने पेपर लीक की घटनाओं, किसानों को खाद की उपलब्धता, बढ़ती बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस संबंध में सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने प्रशासन और सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति पर काबू पा लिया गया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।’
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










