जहांगीराबाद : 22 / जून / 2026 : जहांगीराबाद शहर में लंबे समय से यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया गया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि निर्धारित मार्ग पर अभियान पूरा नहीं हो सका और बीच में ही रोकना पड़ा।
नगर पालिका के सफाई निरीक्षक रोहित कुमार के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान अनूपशहर बाईपास से अहार बाईपास तक चलाया जाना था, लेकिन कार्रवाई विमला टॉकीज क्षेत्र तक ही सीमित रह गई। इस दौरान सड़क किनारे रखे सामान, अस्थायी दुकानों और अन्य अवैध कब्जों को हटवाया गया।साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले कई लोगों के चालान भी काटे गए।

सफाई निरीक्षक रोहित कुमार ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सभी लोग एक सप्ताह के भीतर स्वयं अपने अतिक्रमण हटा लें। निर्धारित समय सीमा के बाद दोबारा अभियान चलाकर भारी जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी ने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अब नियमित रूप से साप्ताहिक अभियान चलाए जाएंगे, ताकि जाम की समस्या कम हो और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद अतिक्रमण करने वालों में बेचैनी देखी जा रही है, वहीं आम लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए इसे लगातार जारी रखने की मांग की है।
![]()
