बुलंदशहर: पैसों के लेनदेन में खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में दो की मौत, दो घायल

सिकंदराबाद : 15 / जुलाई / 2026 :   बुलंदशहर  जनपद के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। घटना में अजब सिंह और सोनू की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान दर्जनभर से अधिक राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर और डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल गांव निजामपुर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment