खुर्जा, बुलंदशहर : 18 / अगस्त / 2026 : खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में जाट कंपाउंड के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर पर्स झपट लिया। पर्स में नकदी और मोबाइल फोन रखा था। घटना के बाद आरोपी बाइक से खुर्जा जंक्शन की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जाट कंपाउंड निवासी 78 वर्षीय सत्यवती देवी पत्नी करनपाल सिंह सोमवार शाम करीब चार बजे घर से सामान लेने के लिए निकली थीं। अर्शिया मेन गेट के पास वह टेंपो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
बताया जा रहा है कि युवकों ने महिला से बातचीत कर उनका ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही हाथ में रखा पर्स झपट लिया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही दोनों आरोपी बाइक से खुर्जा जंक्शन की तरफ भाग निकले।

पीड़िता के बेटे अजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पर्स में करीब 20 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन था। घटना के बाद परिजन बुजुर्ग महिला को लेकर नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े हुई झपटमारी की घटना से स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










