खुर्जा : 20 / अगस्त / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी संजना पुत्री मनवीर ने मुकदमे के विवेचक पर आरोपी पक्ष से साठगांठ करने का आरोप लगाते हुए विवेचक को बदलने की मांग की है। पीड़िता ने मामले की शिकायत एडीजे कोर्ट मेरठ, डीआईजी मेरठ और एसएसपी बुलंदशहर से करते हुए पत्र भेजा है।

पीड़िता के अनुसार, बीती 21 जुलाई को गांव के ही श्रीपाल पुत्र नारायण ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। मामले में ककोड़ थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 258/26 दर्ज कराया गया था।
संजना का आरोप है कि मुकदमे के विवेचक ने आरोपी से कथित रूप से साठगांठ कर ली है, जिसके चलते आरोपी खुलेआम घूम रहा है और उसके खिलाफ अपेक्षित कानूनी कार्रवाई नहीं की जा रही है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी स्वयं को विवेचक का रिश्तेदार बताते हुए मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मुकदमा वापस न लेने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी जा रही है। मामले को लेकर संजना ने अपने परिवार के साथ अधिकारियों से शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच के लिए वर्तमान विवेचक को हटाकर किसी अन्य अधिकारी से विवेचना कराने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










