शिकारपुर : 23 / सितम्बर / 2026 : शिकारपुर नगर के मौहल्ला अम्बेडकर नगर में लम्बे समय से बिना किसी वैध डिग्री और बोर्ड के अवैध रूप से संचालित हो रहे एक फर्जी क्लिनिक पर आखिरकार स्वास्थ्य विभाग का डंडा चल गया है।
लगातार मिल रही गम्भीर शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लिनिक को पूरी तरह से सील कर दिया है हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही कथित फर्जी डॉक्टर क्लिनिक छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

गलत इलाज के कारण बच्चे की जान पर बनी परिजनों ने खोला मोर्चा मामला कुछ दिनों पहले का है जब मौहल्ले के ही एक मासूम बच्चे को इलाज के लिए इस क्लिनिक पर लाया गया था आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर ने बिना किसी अनुभव और योग्यता के बच्चे को गलत टांके भर दिए जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
इस लापरवाही से आक्रोशित पीड़ित बच्चे के परिजनों ने झोलाछाप के खिलाफ मोर्चा खोल दिया परिजनों ने स्थानीय कोतवाली पुलिस सीओ सीएमओ और यहां तक कि मुख्यमंत्री पोर्टल आईजीआरएस पर भी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
परिजनों का आरोप है कि मुख्यमंत्री पोर्टल और उच्च अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कई दिनों तक इस अवैध क्लिनिक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई जिससे फर्जी डॉक्टर के हौसले बुलन्द थे पीड़ित परिवार लगातार न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा था।
सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर मामला तूल पकड़ने के बाद आखिरकार स्वास्थ्य विभाग की नीन्द टूटी और सीएमओ के आदेश पर त्वरित कार्रवाई की योजना बनाई गई एसीएमओ के नेतृत्व में टीम ने मारा छापा।
आरोपी फरार कार्रवाई के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सचिन भाटी, ने बताया कि क्लिनिक के खिलाफ लगातार गम्भीर शिकायतें मिल रही थी इसी आधार पर स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम गठित कर मौहल्ला अम्बेडकर नगर स्थित क्लिनिक पर औचक छापेमारी की गई।
एसीएमओ ने बताया जब हमारी टीम मौके पर पहुंची तो स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी देखकर कथित डॉक्टर क्लिनिक खुला छोड़कर ही भाग निकला जांच के दौरान टीम को क्लिनिक पर न तो कोई साइन बोर्ड लगा मिला और न ही वहां मौजूद स्टाफ या आरोपी डॉक्टर की कोई डॉक्टरी डिग्री जैसे एमबीबीएस या बीएएमएस के दस्तावेज मिले क्लिनिक में बिना किसी मानक के दवाइयां और इलाज के उपकरण रखे हुए थे जिन्हें जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से क्लिनिक और मेडिकल स्टोर चलाने वाले झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कम्प मच गया है कई अन्य फर्जी डॉक्टर अपनी दुकानें बन्द कर भूमिगत हो गए है।
स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई पर राहत की सांस ली है लेकिन साथ ही मांग की है कि फरार आरोपी डॉक्टर को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान जोखिम में न पड़े स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली में सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है ।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










