रामलीला कमेटी के पदाधिकारीयों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी से शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में उत्सव संपन्न कराने पर वार्ता की गई

खुर्जा : 18 / अक्टूबर / 2026 : आगामी 20 अक्टूबर को रामलीला ग्राउंड, खुर्जा जंक्शन मार्ग पर आयोजित होने वाले भव्य रावण दहन और रामलीला महोत्सव की तैयारियों को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
इसी क्रम में रविवार को एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रामलीला ग्राउंड का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आगामी 20 अक्टूबर को रामलीला ग्राउंड में बड़ा रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।
पिछले कई वर्षों से इस कार्यक्रम में लगभग 30 से 35 हजार की भारी भीड़ उमड़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपी देहात ने बताया कि खुर्जा नगर और जेवर की तरफ से आने वाले सभी प्रमुख रास्तों और यातायात मार्गों पर पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है। मार्गों का जायजा लेने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति में जाम न लगे और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा और अग्निशमन के कड़े प्रबंध
मेला क्षेत्र और रावण दहन स्थल पर मंचन के दौरान डबल बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, अग्निशमन सेवा (फायर सर्विस) और अन्य आपातकालीन सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से पैनी नजर रखी जाएगी और पुलिस बल की रूफटॉप सहित विभिन्न ड्यूटी लगाई गई हैं। इस दौरान नगर कोतवाल रामफल सिंह, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी अनवर हुसैन, एसडीओ अविनाश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और श्री रामलीला कमेटी (रजि.) के पदाधिकारी व सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कमेटी के प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी ‘विक्की’, जनरल मेनेजर दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन) और सोशल मीडिया प्रभारी विनीत आर्य ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं के संबंध में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशासन ने दुकानदारों और रामलीला कमेटी के साथ समन्वय स्थापित कर सभी से शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में उत्सव संपन्न कराने की अपील की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










