Home » गाजियाबाद » विजयनगर में पुलिस मुठभेड़, दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार

विजयनगर में पुलिस मुठभेड़, दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 18 / अक्टूबर / 2026 :    विजयनगर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित दोनों आरोपी शालीमार नगर स्थित जल निगम संयंत्र के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस ने फ्रेग्रेन्स सोसाइटी के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक लेकर भागने लगे। भागने के दौरान रास्ता उबड़-खाबड़ होने के कारण उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई।

पुलिस का दावा है कि बाइक गिरने के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। पुलिस टीम ने मौके पर ही दोनों को पकड़ लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्तकीम (48), निवासी चमन कॉलोनी और प्रदीप (40), निवासी सिद्धार्थ विहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपी दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment