चोला : 30 / अक्टूबर / 2026 : बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक पर पीछे बैठे युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिजन और ग्रामीण मृतक का शव फतेहपुर जादौन चौकी पर लेकर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

गांव गांगरौल निवासी राजू पुत्र मुंशी ने बताया कि 29 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे उनका बेटा गोलू अपने भाई अंकित के साथ मोटरसाइकिल से ककोड़ से गांव लौट रहा था। चोला ओवरब्रिज से फतेहपुर जादौन गेट की ओर मुड़ते समय ककोड़ की तरफ से तेज गति से आई बलेनो कार ने उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक दूर जाकर गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले झाझर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बुलंदशहर के लक्ष्मी हॉस्पिटल ले गए। वहां चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर चोला पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिग्विजय नाथ शाही ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह परिजन शव को फतेहपुर जादौन चौकी पर लेकर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मृतक के दो छोटे बच्चों के भविष्य का हवाला देते हुए पांच बीघा जमीन और 10 लाख रुपये की सहायता की मांग की। सूचना पर सिकंदराबाद, गुलावठी, ककोड़, चोला, खुर्जा नगर और जहांगीरपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी सिकंदराबाद, सीओ सिटी बुलंदशहर और एसडीएम सिकंदराबाद रविंद्र सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की।

एसडीएम रविंद्र सिंह ने मृतक के परिवार को गांव की सरकारी ग्राम समाज की भूमि में से पट्टा दिए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव गांगरौल ले गए।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










