Home » गाजियाबाद » विवेकानन्द यूथ अवार्ड के लिए 15 नवंबर तक करें आवेदन, सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को मिलेगा सम्मान

विवेकानन्द यूथ अवार्ड के लिए 15 नवंबर तक करें आवेदन, सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को मिलेगा सम्मान

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 31 / अक्टूबर / 2026 :    युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में विवेकानन्द यूथ अवार्ड प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए जनपद के पात्र युवक-युवतियों से आवेदन और प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। राष्ट्रीय एवं सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ऋषि कुमार ने बताया कि यह पुरस्कार उन युवाओं को दिया जाना है, जिन्होंने निर्धारित अवधि में राष्ट्रीय और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट, अद्वितीय एवं सराहनीय कार्य किए हैं। पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य युवाओं की उपलब्धियों को पहचान दिलाना, ग्रामीण युवाओं को राष्ट्र के विकास की मुख्यधारा से जोड़ना तथा अन्य युवाओं को रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।

आवेदन करने वाले युवक-युवतियों की आयु 15 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु का निर्धारण नामांकन वाले वर्ष की एक जनवरी के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सामाजिक एवं राष्ट्रीय कार्यों तथा उपलब्धियों का विवरण निर्धारित आवेदन प्रारूप में प्रस्तुत करना होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण जनपद स्तर पर गठित समिति करेगी।

समिति की संस्तुति के बाद उपयुक्त प्रस्ताव आगे की कार्रवाई के लिए भेजे जाएंगे। पात्र अभ्यर्थियों को अपना आवेदन पुलिस सत्यापन आख्या सहित तीन प्रतियों में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या 223, कलेक्ट्रेट परिसर, गाजियाबाद में जमा किए जा सकते हैं।

आवेदन पत्र का प्रारूप किसी भी कार्य दिवस में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या 223, गाजियाबाद से निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। विभाग ने पात्र युवाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment