चोला : 31 / अक्टूबर / 2026 : चोला क्षेत्र के गांव नगला बड़ौदा निवासी 22 वर्षीय मनीष पुत्र ज्ञानचंद की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सिकंदराबाद-ककोड़ मार्ग पर महताब नगर पुल के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, मनीष सिकंदराबाद के जोखाबाद स्थित एक कंपनी में नौकरी करते थे। रात में ड्यूटी समाप्त कर वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महताब नगर पुल के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए पहले सिकंदराबाद तथा बाद में बुलंदशहर के अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची सिकंदराबाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मनीष दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। उनकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि बड़े भाई करण की उम्र 24 वर्ष है। दोनों भाइयों की अभी शादी नहीं हुई थी। मनीष के पिता और बड़ा भाई मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








