खुर्जा : 31 / अक्टूबर / 2026 : एकेपी डिग्री कॉलेज, खुर्जा की छात्रा कल्याण समिति एवं इनर व्हील क्लब खुर्जा के संयुक्त तत्वावधान में 31 अक्टूबर 2026 को महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के लिए एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डिंपल विज तथा इनर व्हील क्लब की डॉ. पूनम सिंह, सुनैना अग्रवाल, मयूरी बाटला और उर्वशी राघव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम संयोजिका प्रो. साहिल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना है। इस दौरान कोच अमित शर्मा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके सिखाए और आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के गुर बताए।

इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट सुनैना अग्रवाल ने कहा कि बालिकाओं को अपने अधिकारों, पॉक्सो एक्ट तथा महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। जागरूकता और आत्मविश्वास के बल पर छात्राएं छेड़छाड़ जैसी घटनाओं का सामना करने और अपनी सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने में सक्षम बन सकती हैं।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डिंपल विज ने कहा कि छात्राओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कॉलेज में समय-समय पर जूडो-कराटे, मार्शल आर्ट और योग का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे छात्राओं के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलता है।

अंत में छात्रा कल्याण समिति की प्रभारी डॉ. अनामिका द्विवेदी ने अतिथियों, प्रशिक्षकों, प्राचार्या एवं समस्त छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. साधना अग्रवाल, महिमा अग्रवाल, रेनू बाटला, ममता अग्रवाल, मंजू सिंह सहित महाविद्यालय का समस्त परिवार उपस्थित रहा।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








