Home » बुलंदशहर » टॉफी के डिब्बे के चक्कर में टूटा बाप-बेटी का रिश्ता: हैवान पिता ने 12 साल की मासूम को पीट-पीटकर मार डाला, नरोरा पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

टॉफी के डिब्बे के चक्कर में टूटा बाप-बेटी का रिश्ता: हैवान पिता ने 12 साल की मासूम को पीट-पीटकर मार डाला, नरोरा पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

डिबाई : 29 / मार्च / 2026 : डिबाई थाना नरोरा क्षेत्र के ग्राम रतनपुर में हुई दिल दहला देने वाली घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू शर्मा को एक परचून दुकानदार ने शिकायत की थी कि उसकी पुत्री पूजा दुकान से टॉफी का डिब्बा उठा लाई है। इसी बात पर आरोपी आगबबूला हो गया और घर पहुंचते ही अपनी 12 वर्षीय मासूम बेटी को डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि पिटाई इतनी निर्मम थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के दौरान जब मां आरती ने बेटी को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और उसे चुप रहने की धमकी दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और बाद में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया, ताकि घटना की जानकारी किसी को न हो सके।

शुक्रवार को किसी तरह मृतका की मां ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खुलवाया, तब घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही नरोरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतका की मां की तहरीर पर 27 मार्च 2026 को थाना नरोरा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और आरोपी को ग्राम रतनपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 26 मार्च 2026 को अपनी बेटी को बुरी तरह पीटा था, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 351(3) व 105 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश कर आज जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस निर्मम घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हर आंख नम है और लोगों में आरोपी के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। एक मामूली शिकायत ने न सिर्फ एक मासूम की जान ले ली, बल्कि बाप-बेटी के सबसे पवित्र रिश्ते को भी हमेशा के लिए खत्म कर दिया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment