Home » उत्तर प्रदेश » हाथरस में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश

हाथरस में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

दुष्यंत पचौरी , हाथरस

 

 

 हाथरस : 21 / अप्रैल / 2026 : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने और परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रवेश द्वार पर सघन जांच (फ्रिस्किंग) और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मियों से कराने के निर्देश दिए गए।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए मैप भी लगाए जाएंगे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और टीवी स्क्रीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान भीड़ एकत्रित न होने दी जाए और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को 6 पालियों में आयोजित होगी। जनपद में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 28,490 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 4,416 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य स्टाफ की तैनाती कर दी गई है।

परीक्षा की निगरानी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment