Home » उत्तर प्रदेश » हाथरस में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद, पूर्व बार अध्यक्ष ने उठाए सवाल

हाथरस में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद, पूर्व बार अध्यक्ष ने उठाए सवाल

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

दुष्यंत पचौरी , हाथरस 

 

 

हाथरस  : 22 / अप्रैल / 2026 :  हाथरस शहर के गौतम विहार कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अजय कुमार भारद्वाज ने प्रेसवार्ता कर विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

अधिवक्ता अजय भारद्वाज का कहना है कि उनके और उनकी पत्नी के नाम से लगे पोस्टपेड बिजली मीटरों को बिना किसी पूर्व अनुमति के हटाकर उनकी जगह प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगा दिए गए। इसके चलते उन्हें बार-बार बिजली कटौती और बिलिंग संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन बताया।

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अधिवक्ता ने अपने प्रार्थना-पत्र में विद्युत अधिनियम 2003 का हवाला देते हुए कहा कि कानून के अनुसार उपभोक्ताओं को पोस्टपेड और प्रीपेड दोनों विकल्प चुनने का अधिकार है। बिना सहमति के मीटर को प्रीपेड में बदलना नियमों के खिलाफ है। इसके बावजूद विभाग द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे सरकार की योजनाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई बार मकान और दुकान की बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ और आर्थिक नुकसान हुआ। साथ ही समय पर बिल की जानकारी न मिलने से उपभोक्ताओं को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष द्वारा भी बिना सहमति स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मोड में बदलना उपभोक्ता अधिकारों के खिलाफ बताया जा चुका है।

पीड़ित उपभोक्ता ने मांग की है कि जबरन लगाए गए प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुनः पोस्टपेड व्यवस्था लागू की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment