दुष्यंत पचौरी, हाथरस
हाथरस : 13 / मई / 2026 : जनपद में विद्युत आपूर्ति को सुचारू, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी Atul Vats की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर व्यवस्था, उपभोक्ता शिकायतों एवं विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को सही एवं वास्तविक बिजली बिल उपलब्ध कराने के लिए मीटर रीडर निर्धारित स्थल पर पहुंचकर नियमित रूप से मीटर रीडिंग दर्ज करें, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने विद्युत चोरी एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा रोस्टर के अनुसार नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने खराब ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत कराने और आवश्यकता पड़ने पर बिना विलंब बदले जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कारणवश यदि विद्युत शटडाउन लिया जाता है तो उसकी पूर्व सूचना संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से समय रहते आमजन तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने लोड के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, मोबाइल ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता बढ़ाने तथा जरूरत पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बिजली बिलों में अधिक राशि आने सहित अन्य शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत द्वारा विभागीय योजनाओं, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा ट्रांसफार्मर बदलने की समय-सीमा से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












