19 अक्टूबर को खुशी नागर और 23 अक्टूबर को हेमंत ब्रजवासी देंगे भजनों की प्रस्तुति
15 अक्टूबर को हास्य कलाकार अमन भाटी और 24 अक्टूबर को होगा भव्य कवि सम्मेलन
खुर्जा : 8 / सितम्बर / 2026 : श्री रामलीला कमेटी (रजि.) खुर्जा की बैठक सोमवार को सिटी स्टेशन रोड स्थित प्रेम वाटिका में आयोजित की गई। बैठक में रामलीला महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। इस बार रामलीला महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ भजन संध्या, हास्य कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, दंगल और आतिशबाजी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
बैठक में रामलीला कमेटी के प्रधान आशीष गोविल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग, महामंत्री पुनीत साहनी, मंत्री सचित गोविल और कोषाध्यक्ष सचिन बंसल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कमेटी के जनरल मैनेजर दीपक गर्ग ने बताया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और नगरवासियों के मनोरंजन के लिए दो भव्य भजन संध्याओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को आयोजित भजन संध्या में लिटिल चैंप की रनर रहीं भजन गायिका खुशी नागर अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं 23 अक्टूबर को होने वाली दूसरी भजन संध्या में इंडियन आइडल के रनर रहे प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत ब्रजवासी भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।
इसके अलावा 15 अक्टूबर को हास्य कलाकार एवं यूट्यूबर अमन भाटी अपने हास्य कार्यक्रम से लोगों का मनोरंजन करेंगे। वहीं 24 अक्टूबर को भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध कवि अरुण जैमिनी, शंभू शिखर, पदम अलबेला, राधेश्याम भारती तथा कवयित्री डॉ. सरिता शर्मा अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगी।
महोत्सव के अंतिम चरण में 25 अक्टूबर को लावड़ी दंगल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। दंगल के समापन के बाद भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी।
कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बैठक में राजीव बंसल, उमाशंकर अग्रवाल, रवि शंकर अग्रवाल, विशाल बाधवा, भगवत पोद्दार, शिव कंसल, अरुण कुमार गर्ग, राम दिवाकर, सुनील सोलंकी, राजीव वार्ष्णेय, विनीत आर्य, कुलदीप शर्मा (केडी), विनोद पहलवान, महेश चौधरी, डीसी अग्रवाल, रोहित जैन सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










