Home » बुलंदशहर » गोद भराई की दावत बनी मुसीबत, बासी भोजन खाने से 35 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार

गोद भराई की दावत बनी मुसीबत, बासी भोजन खाने से 35 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद : 13 / मई / 2026 :  जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सलंगवा में आयोजित गोद भराई समारोह की दावत अगले दिन कई परिवारों के लिए परेशानी का कारण बन गई, कार्यक्रम में शामिल लोगों द्वारा मंगलवार को बचा हुआ भोजन खाने के बाद बड़ी संख्या में लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।

घटना में दोनों पक्षों के करीब 30 से 35 लोगों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि गोद भराई कार्यक्रम सोमवार को आयोजित हुआ था, जिसमें हापुड़ जिले के किठौर गांव से भी रिश्तेदार और मेहमान शामिल होने पहुंचे थे।

प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार को दावत का बासी भोजन खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ी, भोजन करने के कुछ समय बाद ही लोगों में उल्टी, पेट दर्द और दस्त जैसी शिकायतें शुरू हो गईं, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए, एसडीएम प्रियंका गोयल, सीओ विकास प्रताप सिंह चौहान, तहसील प्रशासन की टीम तथा कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से जानकारी जुटाई वहीं अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीराबाद पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बातचीत की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया, फूड इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दावत में परोसे गए पनीर और छोले के नमूने एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment