बुगरासी : 13 / मई / 2026 : बुगरासी कस्बा क्षेत्र के ग्राम किसौला स्थित एलिंगुवा पब्लिक स्कूल ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की इंटरमीडिएट परीक्षा में एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देकर क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उच्च अंक प्राप्त किए, जिससे विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बना रहा।
विद्यालय की मेधावी छात्रा मुस्कान वर्मा ने विज्ञान वर्ग में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। मुस्कान की सफलता ने यह साबित कर दिया कि समर्पण, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

द्वितीय स्थान पर गरिमा रहीं, जिन्होंने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं प्रियांशी ने 87.8 प्रतिशत, सृष्टि ने 83.6 प्रतिशत तथा दिव्यांशी ने 83.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विशेष बात यह रही कि मुस्कान वर्मा ने बिना किसी अतिरिक्त कोचिंग के यह सफलता हासिल की। उनके अभिभावकों ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, प्रभावी शिक्षण पद्धति तथा अनुशासित शैक्षणिक वातावरण को दिया।
विद्यालय के चेयरमैन विपिन त्यागी ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम संस्थान की गुणवत्ता-आधारित शिक्षा, शिक्षकों की मेहनत तथा अभिभावकों के विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय जल्द ही मेधावी छात्रों को सम्मानित करेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि छात्र भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और समाज का नाम रोशन करते रहेंगे।
![]()
