खुर्जा : 24 / अक्टूबर / 2026 : खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-34 पर स्थित बघराई कट के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनूपशहर से नानी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे दो चचेरे भाइयों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के पीरजादगान मोहल्ले के रहने वाले अरशद (25) पुत्र जहीर और मुजम्मिल (35) पुत्र राजुद्दीन रिश्ते में चचेरे भाई थे। दोनों खुर्जा पुरानी मंडी में साथ मिलकर सब्जी की दुकान चलाते थे।
रिश्ते के भाई जीशान ने बताया कि अनूपशहर में उनकी नानी का बीमारी के चलते निधन हो गया था। दोनों भाई उन्हीं के इंतकाल और सुपुर्दे-खाक (अंतिम संस्कार) में शामिल होने के लिए अनूपशहर गए थे।
शनिवार को वापस लगभग 3:15 बजे दोपहर खुर्जा लौटते समय जब वे एनएच-34 पर स्थित बगराई कट पर हाईवे से यू-टर्न ले खुर्जा की तरफ चल रहे थे, तभी अलीगढ़ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को रौंद दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और एक की तो उनमें से पैर के ऊपर से टांग कट कर लगभग 15 फीट दूर गिरी। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
अरशद खुर्जा मंडी में सब्जी की दुकान लगाता था और उसे पैरालिसिस (लकवा) की शिकायत थी। परिवार पर पहले से ही कई दुखों के पहाड़ टूट चुके हैं।
करीब 5 साल पहले उसके बड़े भाई नाजिम की मौत हो चुकी है, और ठीक 1 साल पहले उसकी मां नसरीन का भी ब्रेन हेमरेज के कारण इंतकाल हो गया था। परिवार में अब उसके पिता जहीर (जो खुद सब्जी मंडी में दुकान लगाते हैं) और बड़ी बहन नाजिस बची हैं।
मुजम्मिल अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके पिता राजुद्दीन नोएडा में फेरी लगाने का काम करते हैं। मुजम्मिल की शादी हो चुकी थी और उसकी लगभग 2 साल की एक बेटी है। अपने पीछे वह चार बहनें (तरन्नुम, तबस्सुम, छोटी और शाहीन) रोता-बिलखता छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार और उसके चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









