बुलंदशहर : 26 / मई / 2026 : बुलंदशहर में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक के विरोध में कालेआम चौराहा स्थित कलेक्ट्रेट के पास जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान अजय छौंकर ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार का सपना दिखा रही है, लेकिन रोजगार देने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह से फेल हो चुकी है और सरकार को परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव करने चाहिए।

वहीं खुर्जा ब्लॉक प्रधान संगठन अध्यक्ष गौरव जयराम ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने रेलवे ग्रुप डी, रेलवे ALP, CCA, CITS और लेखपाल भर्ती जैसी परीक्षाओं का उदाहरण देते हुए सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन जिला अध्यक्ष इसराइल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें प्रशांत बाल्मीकि, देवेंद्र शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

![]()
