सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 18 / जून / 2026 : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित जनकल्याणकारी विकास प्रदर्शनी का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री जोखन शाहू ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, अमृत योजना, स्टार्टअप इंडिया और स्मार्ट सिटी मिशन समेत अनेक योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। इन योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही परामर्श और पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। यह प्रदर्शनी 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री जोखन शाहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। डिजिटल इंडिया अभियान ने शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया है, जिससे आम नागरिकों को सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को उनके अधिकारों एवं लाभों के प्रति जागरूक करना है। बड़ी संख्या में नागरिक प्रदर्शनी में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह एवं विधायक प्रदीप शुक्ला ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक संदीप सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












